गीडा में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती पर औद्योगिक क्षेत्रों और परिसरों में साफ-सफाई कराने के निर्देश
पिपरौली। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गीडा क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर औद्योगिक पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान के तहत गीडा ने भी औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई को प्राथमिकता देने की तैयारी की है।
इसके लिए गीडा क्षेत्र में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गीडा की ओर से सभी उद्यमी संगठनों से भी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले औद्योगिक परिसरों और संगठनों में दो अक्तूबर को विशेष साफ-सफाई कराने की अपील की गई है।
अभियान का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना और स्वच्छता के प्रति उद्यमियों तथा कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना है। गीडा प्रशासन ने विशेष स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में उद्यमी संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की है।















