सीएमओ कार्यालय में कई चिकित्सक-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, डीएम ने मांगा जवाब डीएम अनुज मलिक ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी और अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव पर जताई नाराजगी

सीएमओ कार्यालय में कई चिकित्सक-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, डीएम ने मांगा जवाब

डीएम अनुज मलिक ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी और अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव पर जताई नाराजगी

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई चिकित्सक और कर्मचारी समय से अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया को स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था में सुधार लाने और सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।

बिखरे मिले अभिलेख, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में पत्रावलियों और अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित नहीं मिला। इस पर डीएम ने संबंधित पटल सहायकों को सभी अभिलेखों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। अस्पताल भवन और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर भी उन्होंने असंतोष जताया। अस्पताल प्रशासन, संबंधित एजेंसी और सफाई कर्मचारियों को नियमित सफाई तथा आवश्यक छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, बाहर से दवा लिखने पर रोक

डीएम ने निर्देश दिया कि चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी ड्यूटी शुरू होने तथा समाप्त होने के समय बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। ड्यूटी में लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही मिलनी चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और दवाओं के स्टॉक की जानकारी भी ली।

मरीजों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उनके साथ संवेदनशील एवं अच्छा व्यवहार किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया समेत चिकित्सक, कर्मचारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleगीडा में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान गांधी जयंती पर औद्योगिक क्षेत्रों और परिसरों में साफ-सफाई कराने के निर्देश
Next articleमगहर पहुंच डीएम ने कबीर की समाधि पर की पूजा-अर्चना मजार पर चढ़ाई चादर, आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विकास के साथ सांप्रदायिक सौहार्द का दिया संदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here