औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं पर गीडा सीईओ ने की बैठक
चैंबर ऑफ इंडस्ट्री और लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने नवागत सीईओ का किया स्वागत, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा
गोरखपुर । गीडा के औद्योगिक क्षेत्र में विकास योजनाओं, आगामी परियोजनाओं और उद्यमियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को बैठक हुई। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार ने चैंबर ऑफ इंडस्ट्री, गीडा और लघु उद्योग भारती, गोरखपुर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इस दौरान चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह और लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष दीपक कारीवाल ने नवागत मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक में उद्यमी संगठनों के पदाधिकारियों ने गीडा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न सुझाव दिए। साथ ही उद्योगों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं से सीईओ को अवगत कराया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष दीपक कारीवाल, गीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश समेत दोनों औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और गीडा के अधिकारी मौजूद रहे।















