बारिश से बर्बाद फसलों का सर्वे करा मुआवजा देने की मांग जिला पंचायत सदस्य ने डीएम को सौंपा पत्र, रबी फसल तक कृषि ऋण की वसूली ब्याज रहित स्थगित करने की उठाई मांग

बारिश से बर्बाद फसलों का सर्वे करा मुआवजा देने की मांग

जिला पंचायत सदस्य ने डीएम को सौंपा पत्र, रबी फसल तक कृषि ऋण की वसूली ब्याज रहित स्थगित करने की उठाई मांग

संतकबीरनगर। चक्रवाती तूफान, तेज हवा और भारी बारिश से किसानों की फसलों के साथ मकान-दुकानों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग उठी है। जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-18 खलीलाबाद मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने सोमवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक को पत्र देकर प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने और कृषि ऋण की वसूली अगली रबी फसल तक ब्याज रहित स्थगित करने की मांग की।

जिला पंचायत सदस्य ने पत्र में कहा है कि पिछले दिनों आए चक्रवाती तूफान, तेज हवाओं और अत्यधिक बारिश से जिले के साथ उनके जिला पंचायत क्षेत्र में भी व्यापक नुकसान हुआ है। खेतों में जलभराव और तेज हवा के कारण धान, गन्ना और केला समेत अन्य फसलें गिरकर प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मकान-दुकानों के नुकसान का भी हो सर्वे

चौरसिया ने कहा कि बारिश और तूफान से लघु एवं सीमांत किसानों के साथ गरीब व मजदूर परिवार भी प्रभावित हुए हैं। कई लोगों के मकान और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जिला प्रशासन से वार्ड नंबर-18 समेत जिले के सभी प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर फसलों के साथ क्षतिग्रस्त मकान और दुकानों का भी आकलन कराने की मांग की है।

फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग

जिला पंचायत सदस्य ने प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल बीमा का पूरा लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही बैंकों से लिए गए कृषि ऋण की वसूली कम से कम अगली रबी फसल तक ब्याज रहित रूप से स्थगित करने का अनुरोध किया है। कहा कि इससे प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

Previous articleबाजार जाने निकले दो नाबालिग लापता, सीसीटीवी से सुराग लेकर 12 घंटे में तलाशा रात 10 बजे तक नहीं लौटे तो परिजनों ने पुलिस को दी सूचना, चौरीचौरा पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here