जिला जज, डीएम और एसपी अचानक पहुंचे जेल, बैरकों की कराई तलाशी
बंदियों से बातचीत कर सुविधाओं का लिया फीडबैक, प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर सख्ती के निर्देश
संतकबीरनगर। जिला जज रणधीर सिंह, डीएम अनुज मलिक और एसपी संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरकों की तलाशी कराने के साथ मेस, कार्यालय और जेल परिसर की व्यवस्थाएं देखीं। बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।
तीनों अधिकारियों ने अलग-अलग बैरकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति परखी। जेल परिसर में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिबंधित सामग्री पर रखें कड़ी नजर
निरीक्षण के दौरान कारागार कर्मियों को निर्देश दिया गया कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न करने पाए। इसके लिए प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरती जाए तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाए।
अधिकारियों ने मेस की व्यवस्था का भी जायजा लिया। जेल प्रशासन को बैरकों, मेस और परिसर में साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने के साथ बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।















