बाजार जाने निकले दो नाबालिग लापता, सीसीटीवी से सुराग लेकर 12 घंटे में तलाशा
रात 10 बजे तक नहीं लौटे तो परिजनों ने पुलिस को दी सूचना, चौरीचौरा पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा
गोरखपुर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र में बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले दो नाबालिग दोस्त अचानक लापता हो गए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की और रास्तों व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मिले सुराग के आधार पर दोनों को करीब 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को दोनों नाबालिग घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। दोनों आपस में मित्र हैं। शाम करीब साढ़े तीन बजे घर से निकलने के बाद रात करीब 10 बजे तक वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद पता नहीं चलने पर चौरीचौरा पुलिस को सूचना दी गई।
कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 386/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज कर टीम को तलाश में लगाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने खोजबीन आगे बढ़ाई और दोनों नाबालिगों को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।















