भारी बारिश के अलर्ट पर आज आठवीं तक के सभी स्कूल बंद
डीएम अनुज मलिक ने जारी किया आदेश, शिक्षक और कर्मचारी विद्यालय पहुंचकर निपटाएंगे विभागीय कार्य
संतकबीरनगर। जिले में 26 सितंबर को भारी बारिश की प्रबल संभावना को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में छात्रों का शैक्षणिक कार्य स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने छात्रहित में यह आदेश जारी किया है।
सभी बोर्ड और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर आदेश लागू
आदेश के अनुसार कक्षा एक से आठ तक के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 26 सितंबर को छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक कार्य नहीं होगा।
शिक्षकों की रहेगी उपस्थिति
विद्यालय बंद रहने का आदेश केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक कार्य के लिए है। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। वे शैक्षिक सत्र 2026-27 के नवीन नामांकन, शारदा अभियान समेत अन्य विभागीय कार्यों का निष्पादन करेंगे।
आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
डीएम अनुज मलिक ने संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।















