शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों में लापरवाही न हो : मंडलायुक्त
29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने की जानकारी, नामांकन प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने आयुक्त सभागार में प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी दायित्वों को पूरी सतर्कता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हो पालन
मंडलायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी छोटी से छोटी बात को भी गंभीरता से लिया जाए। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिलने वाले निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी स्तर पर समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
नामांकन कक्ष में पांच लोगों को प्रवेश
बैठक में बताया गया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। इसके बाद मंडलायुक्त न्यायालय में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ अधिकतम चार अन्य व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी। नामांकन समेत निर्वाचन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर विशेष नजर
मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरी करने को कहा। स्ट्रांग रूम पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और सुरक्षा संबंधी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
डीडीयू में मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
बैठक के बाद मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रस्तावित मतगणना स्थल और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और मतगणना से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटील समेत निर्वाचन और प्रशासन से जुड़े विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।















