गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर अमहट घाट पर सुरक्षा कड़ी
एसडीएम सदर और एएसपी मानसी दहिया ने किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग से आगे जाने पर रोक
बस्ती। गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने अमहट घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को एसडीएम सदर और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया ने घाट का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
घाट पर पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग, प्रकाश और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम परखे।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष नजर
एएसपी मानसी दहिया ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए।
बैरिकेडिंग से आगे जाने की अनुमति नहीं
घाट पर लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी निर्देश देने को कहा गया है। पुलिसकर्मियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई भी व्यक्ति घाट के किनारे लगाई गई बैरिकेडिंग से आगे न जाए।
निर्धारित घाट और रूट के पालन की अपील
अधिकारी घाट पर मौजूद रहकर विसर्जन व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित घाट और रूट का ही इस्तेमाल करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।















