कन्या सुमंगला योजना में बालिकाओं को मिलेगी 25 हजार की सहायता रायबरेली में कम आवेदन पर प्रोबेशन विभाग ने पात्र अभिभावकों से की अपील, छह चरणों में खाते में पहुंचेगी धनराशि

कन्या सुमंगला योजना में बालिकाओं को मिलेगी 25 हजार की सहायता

रायबरेली में कम आवेदन पर प्रोबेशन विभाग ने पात्र अभिभावकों से की अपील, छह चरणों में खाते में पहुंचेगी धनराशि

रायबरेली। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को छह चरणों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिले में अपेक्षाकृत कम आवेदन मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने पात्र अभिभावकों से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

जन्म पर पांच हजार, टीकाकरण पर दो हजार

योजना के तहत बालिका के जन्म पर एक वर्ष के भीतर आवेदन करने पर पांच हजार और एक वर्ष के भीतर पूर्ण टीकाकरण होने पर दो हजार रुपये दिए जाते हैं। कक्षा एक और छह में प्रवेश पर तीन-तीन हजार तथा कक्षा नौ में प्रवेश पर पांच हजार रुपये की सहायता मिलती है।

स्नातक या डिप्लोमा में प्रवेश पर सात हजार

कक्षा 12 उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक डिग्री अथवा कम से कम दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर सात हजार रुपये दिए जाते हैं। इस तरह सभी छह चरणों में कुल 25 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में पहुंचती है।

तीन लाख तक वार्षिक आय वाले परिवार पात्र

योजना का लाभ लेने के लिए परिवार का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना जरूरी है। परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को योजना का लाभ मिल सकता है।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

पात्र अभिभावक योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जन सेवा केंद्र या साइबर कैफे के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, आय व निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, जन्म या प्रवेश प्रमाण पत्र, फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर समेत आवश्यक दस्तावेज रखने होंगे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने पात्र परिवारों से बालिकाओं की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए समय से आवेदन करने की अपील की है।

Previous articleडीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को फोन कर दिए निर्देश भूमि-राजस्व समेत विभिन्न मामलों की शिकायतें पहुंचीं, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर
Next articleगणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर अमहट घाट पर सुरक्षा कड़ी एसडीएम सदर और एएसपी मानसी दहिया ने किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग से आगे जाने पर रोक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here