1100 ग्राम गांजा और मोटरसाइकिल के साथ आरोपी गिरफ्तार
एनएच-27 पर काला गेट के पास पुलिस ने पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
संतकबीरनगर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक आरोपी को 1100 ग्राम अवैध गांजा और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 सितंबर को एनएच-27 स्थित काला गेट के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफरोज पुत्र मो. मुतीन निवासी कोड़री, थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा संख्या 870/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, कांस्टेबल अरमान खान और कांस्टेबल संतोष यादव शामिल रहे।















