बहनों ने डीएम को बांधी राखी, शगुन पाकर खिल उठे चेहरे
रक्षाबंधन से पहले बेटियों से आत्मीय संवाद, डीएम ने शिक्षा और सपनों को पूरा करने के लिए किया प्रेरित
महराजगंज। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं बालिकाओं और युवतियों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से मुलाकात की। बहनों ने डीएम को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बहनों के स्नेह से अभिभूत जिलाधिकारी ने भी उनका आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चियों और युवतियों से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बेटियों को बेहतर शिक्षा हासिल करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
डीएम ने कहा कि जनपद की बेटियां और बहनें परिवार एवं समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी को अपनी समस्या बताने में संकोच नहीं करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
रक्षाबंधन के इस भावनात्मक अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों को राखी का शगुन भी प्रदान किया। शगुन पाकर बच्चियों और युवतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताया और इस आत्मीय मुलाकात को अपने लिए खास और यादगार बताया।
कार्यक्रम ने प्रशासन और आमजन के बीच आत्मीय संबंधों के साथ बेटियों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और प्रोत्साहन का संदेश भी दिया।















