मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
डीएम की अध्यक्षता में आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण की समीक्षा, भौतिक सत्यापन व मतदाताओं की संख्या पर हुई चर्चा
रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के संभाजन (पुनर्गठन) की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर प्राप्त शिकायतों, आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के संभाजन की आलेख्य सूची प्रकाशित की गई है। सूची के प्रकाशन के बाद जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने तथा उनका नियमानुसार निस्तारण करने की व्यवस्था है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, मतदाताओं की संख्या और नए मतदेय स्थलों के निर्धारण से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आलेख्य सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव और आपत्तियां प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण कर आगे की कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित मानकों और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किए जाने चाहिए, ताकि आगामी चुनावों के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















