पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय की धीमी रफ्तार पर मंडलायुक्त नाराज निर्माण में तेजी के लिए श्रमिक बढ़ाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत

पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय की धीमी रफ्तार पर मंडलायुक्त नाराज

निर्माण में तेजी के लिए श्रमिक बढ़ाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत

गोरखपुर। जनपद के तालनदौर में निर्माणाधीन पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने नाराजगी जताई। सोमवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की भौतिक प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। काम की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने सबसे पहले परियोजना के मॉडल का अवलोकन किया। इसके बाद हॉस्पिटल ब्लॉक और एकेडमिक ब्लॉक का निरीक्षण कर निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री, भवनों की स्थिति और अब तक पूर्ण हुए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना की निर्धारित समयसीमा और वर्तमान प्रगति की भी समीक्षा की।

उन्होंने निर्माण खंड-भवन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम में तेजी लाने के लिए निर्माण स्थल पर श्रमिकों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी होनी चाहिए। हालांकि, तेजी के साथ निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

मंडलायुक्त ने कहा कि पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय जनपद के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से पशु चिकित्सा शिक्षा और उपचार सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। इसलिए संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें।

उन्होंने महाविद्यालय तक पहुंचने वाली एप्रोच सड़क की प्रगति की भी जानकारी ली। निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संबंधित कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि महाविद्यालय के संचालन के समय आवागमन में कोई बाधा न हो।

मंडलायुक्त ने निर्माण स्थल की नियमित निगरानी, सुरक्षा मानकों के पालन और लंबित समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की लगातार समीक्षा होगी और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Previous articleगांव-गांव पहुंची पुलिस, चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं त्वरित निस्तारण के साथ अपराध नियंत्रण और कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here