उपनिदेशक पंचायत ने बारात घर निर्माण का किया निरीक्षण
प्लिंथ का 80 प्रतिशत कार्य पूरा, निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
गोरखपुर। उपनिदेशक पंचायत गोरखपुर मंडल हिमांशु शेखर ठाकुर ने विकासखंड पिपरौली की ग्राम पंचायत भौवापार में परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत निर्माणाधीन बारात घर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था एसएस इन्फ्रोजेन के सदस्य वेद प्रकाश ने बताया कि बारात घर के प्लिंथ लेवल का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा 11 फीट ऊंचाई के 12 कॉलम तैयार किए जा चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक पंचायत ने ग्राम पंचायत सचिव गोविंद कुमार को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि बारात घर तक पहुंचने वाले रास्ते का निर्माण अगले दिन से शुरू कराया जाए, ताकि भवन निर्माण में आवागमन संबंधी कोई बाधा न आए। उन्होंने सचिव और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और बिना किसी रुकावट के जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। परिसर में रखी गिट्टी का निर्माण कार्य में उपयोग नहीं करने को भी कहा।
निरीक्षण के समय एडीपीआरओ (टी) गोरखपुर आशुतोष, कार्यदायी संस्था के सदस्य वेद प्रकाश, ग्राम पंचायत सचिव गोविंद कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरविंद सिंह, ग्राम प्रधान धनंजय सिंह और कंसल्टिंग इंजीनियर श्याम कृष्ण मोहन कुमार मौजूद रहे।















