गांव-गांव पहुंची पुलिस, चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं
त्वरित निस्तारण के साथ अपराध नियंत्रण और कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर
गोरखपुर। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिले के विभिन्न गांवों में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से चौपाल लगाई गई। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने राजस्व अधिकारियों के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर भूमि विवाद, आपसी विवाद, राजस्व संबंधी मामलों और अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी विवाद को बढ़ने से पहले आपसी संवाद और प्रशासन की मदद से उसका समाधान कराएं।
पुलिस ने अपराध नियंत्रण में ग्रामीणों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच दूरी कम कर विश्वास का मजबूत रिश्ता कायम करना है।
सोमवार को थाना गीडा क्षेत्र के हरैया व बाघागाड़ा, सहजनवां के टड़वाकला, हरपुर बुदहट के रामपुर गरथोली, चौरीचौरा के महदेवा जंगल, झंगहा के अमहिया, बड़हलगंज के पिडहनी, उरुवा बाजार के विष्णुपुर, पिपराईच के महराजी, राजघाट के बसंतपुर रामलीला मैदान व अलहदादपुर पाण्डेयहाता तथा सिकरीगंज के बघौर में चौपाल आयोजित की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांवों में नियमित चौपाल के माध्यम से समस्याओं की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उनका समाधान कराया जाएगा, जिससे छोटे विवाद गंभीर रूप लेने से पहले ही रोके जा सकें। पुलिस-प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ जनता का भरोसा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।















