सूर्या स्कूल में सजा अभिभावक-शिक्षक संवाद का मंच
रिपोर्ट कार्ड में बच्चों की प्रगति देख खिले अभिभावकों के चेहरे, डॉ. उदय बोले—सफलता के शिखर तक पहुंचाना लक्ष्य
संतकबीरनगर। खलीलाबाद स्थित प्रतिष्ठित के सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शनिवार को प्रथम यूनिट टेस्ट के बाद भव्य शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन (PTM) आयोजित हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने अपने पाल्यों की शैक्षणिक प्रगति, रिपोर्ट कार्ड और कक्षा में प्रदर्शन की जानकारी ली। बच्चों की बेहतर उपलब्धियां देखकर अभिभावकों के चेहरे पर संतोष और खुशी नजर आई।
कैंपस में कक्षा के अनुसार लगाए गए पटल पर अभिभावकों ने शिक्षकों से संवाद कर बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, प्रतिभा और कमजोर पक्षों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने बच्चों की प्रगति के साथ उनकी क्षमताओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए।
इस दौरान सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव के साथ अभिभावकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अध्यापन व्यवस्था और विद्यार्थियों की प्रगति को लेकर अभिभावकों का फीडबैक लिया।
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थी की सफलता में शिक्षक और अभिभावक दोनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन दोनों के बीच बेहतर समन्वय का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सूर्या के विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाना संस्थान का मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों को शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ सामाजिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना भी जरूरी है। इसके लिए विद्यालय परिवार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है, लेकिन इस प्रयास में अभिभावकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
सम्मेलन में उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पाण्डेय समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। आयोजन ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद एवं समन्वय को और मजबूत किया।















