लेखपाल संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अध्यक्ष राम प्रताप यादव की अध्यक्षता में भ्रष्टाचार ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उठाई आवाज
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, तहसील खलीलाबाद के पदाधिकारियों ने संघ के अध्यक्ष राम प्रताप यादव की अध्यक्षता में शनिवार को उपजिलाधिकारी हृदय राम त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसीओ, एंटी करप्शन एवं विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई को लेकर लेखपालों की चिंताओं से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।
संघ ने अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई का संगठन समर्थन करता है, लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को निजी रंजिश, झूठी शिकायत अथवा षड्यंत्र के माध्यम से फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसी भी लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, संभावित रंजिश तथा संबंधित कार्य में लेखपाल के अधिकार क्षेत्र की जांच की जाए। साथ ही ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट और पारदर्शी एसओपी लागू करने की मांग भी उठाई गई।
अध्यक्ष राम प्रताप यादव ने कहा कि लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में राजस्व एवं जनहित से जुड़े कार्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उन्हें भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी है। संगठन ने सरकार से अयोध्या प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा निर्दोष कर्मचारी को न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान लेखपाल संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।















