बाढ़-जलभराव और त्योहारों को लेकर सीएम योगी ने कसी अफसरों की नकेल वीडियो कांफ्रेंसिंग में कानून व्यवस्था, बिजली, सफाई और राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा

बाढ़-जलभराव और त्योहारों को लेकर सीएम योगी ने कसी अफसरों की नकेल

वीडियो कांफ्रेंसिंग में कानून व्यवस्था, बिजली, सफाई और राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम लखनऊ स्थित सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बाढ़-जलभराव की स्थिति, आगामी त्योहारों, कानून व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, नगर विकास, लोक निर्माण, सिंचाई और पशुपालन विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

गोरखपुर के मंडलायुक्त सभागार में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े। मुख्यमंत्री ने बारिश के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में राहत-बचाव के लिए संसाधन पहले से तैयार रखने को कहा। जलभराव की स्थिति सामने आने पर संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या दूर करने के निर्देश दिए।

नगर निकायों को नालों की सफाई, जलनिकासी और जलभराव वाले स्थानों की निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश के दौरान नगर निकायों की टीमें सक्रिय रहकर समस्याओं का तत्काल समाधान करें।

आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल, प्रभावी गश्त और लगातार निगरानी के साथ शांति समितियों एवं स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने को कहा। अफवाह फैलाने या अराजक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विद्युत आपूर्ति की समीक्षा में बारिश और त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा तकनीकी खराबी का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया गया। लोक निर्माण और सिंचाई विभाग को सड़कों, पुल-पुलियों, जलनिकासी और बाढ़ से जुड़े संवेदनशील कार्यों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।

पशुपालन विभाग को संभावित बाढ़ की स्थिति में पशुओं के लिए सुरक्षित स्थान, चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में एडीजी जोन राम कुमार, मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, सीएमओ डॉ. राजेश झा, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जनसुरक्षा, कानून व्यवस्था, बाढ़-जलभराव, बिजली और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Previous articleगांव-गांव पहुंची पुलिस, चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं जनसुनवाई के साथ अपराध नियंत्रण और कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर
Next articleलेखपाल संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन अध्यक्ष राम प्रताप यादव की अध्यक्षता में भ्रष्टाचार ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उठाई आवाज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here