साइबर हेल्प डेस्क बेलहरकला की बड़ी सफलता, ठगी के ₹1.19 लाख पीड़ित को लौटाए
एपीके फाइल डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल, त्वरित कार्रवाई से पूरी रकम वापस
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत थाना बेलहरकला की साइबर हेल्प डेस्क ने साइबर ठगी के एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी गई ₹1,19,480 की पूरी धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार थाना बेलहरकला क्षेत्र के ग्राम करमा कला निवासी संदीप कुमार के व्हाट्सएप पर 22 जुलाई 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने एपीके (APK) फाइल भेजी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए रिलायंस रिटेल लिमिटेड से ₹1,19,480 की खरीदारी कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल थाना बेलहरकला की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव और उनकी टीम ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर प्रभावी पैरवी की। लगातार समन्वय और तकनीकी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित के क्रेडिट कार्ड में ठगी गई पूरी ₹1,19,480 की धनराशि वापस करा दी गई।
इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरिकेश भारती, उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव (प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क), कांस्टेबल दीनानाथ एवं कांस्टेबल शैलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक या मोबाइल एप डाउनलोड न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या National Cyber Crime Portal पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।















