इंस्टाग्राम की फेक आईडी के चलते जेल पहुंचा युवक, बंदी समस्या समाधान दिवस में लगाई रिहाई की गुहार
जिला कारागार में विधिक सेवा प्राधिकरण ने सुनी बंदियों की समस्याएं, न्यायोचित सहायता का दिया भरोसा
संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सबसे भावुक मामला दुधारा थाना क्षेत्र के पकड़ी आराजी निवासी संदीप प्रजापति का रहा। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उसकी तस्वीर को एक महिला की फोटो के साथ जोड़कर फर्जी आईडी बना दी। महिला के पति द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। संदीप ने अधिकारियों से न्याय दिलाने और रिहाई की गुहार लगाई।
वहीं धनघटा थाना क्षेत्र के चपरा पूर्वी निवासी परमेश ने बताया कि वर्ष 2008 के एक पुराने मुकदमे में वारंट जारी होने के कारण उसे गिरफ्तार किया गया। सरौली निवासी अभिषेक जायसवाल ने कहा कि चोरी के तीन मुकदमों में जमानत मिलने के बाद भी पुलिस ने गांजा बरामदगी के मामले में दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थवईपार निवासी मनीष सिंह ने भी चोरी के मामले में खुद को निर्दोष बताते हुए न्याय की मांग की।
इसके अलावा कई बंदियों ने शिकायत की कि जमानत मंजूर होने के बावजूद जमानतदार नहीं मिलने के कारण उन्हें जेल में ही रहना पड़ रहा है।
सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने बंदियों को आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण का विधिक परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर डिप्टी जेलर मोतीलाल गुप्ता, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रज्ञा श्रीवास्तव सहित जिला कारागार के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।















