निकली ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली 250 से अधिक बच्चों ने लिया भाग, विधायक प्रदीप शुक्ला ने शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

 निकली ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली

250 से अधिक बच्चों ने लिया भाग, विधायक प्रदीप शुक्ला ने शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

सहजनवा (गोरखपुर)। सहजनवा ब्लॉक संसाधन केंद्र से मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान एवं संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।

ढोल-नगाड़ों और जागरूकता नारों के साथ निकली रैली ने आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। बच्चों ने “हर बच्चा स्कूल जाए”, “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” तथा संचारी रोगों से बचाव संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक बच्चे ही आगे चलकर देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने में जुटे हैं। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सहजनवा यज्ञ नारायण वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी चन्दन तिवारी, सुनील निगम तथा प्राथमिक शिक्षक संघ सहजनवा के अध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्र, जितेन्द्र मिश्र, पवन तिवारी, सत्यपाल उपाध्याय, मनोज राय, शैलेन्द्र यादव, ज्ञान सिंह, यादवेंद्र, हिमांशु, कृष्ण चन्द्र, संध्या द्विवेदी, राजेश सिंह, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डेन लक्ष्मी भारती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन दिग्विजय सिंह ने किया।

Previous articleखिरीडाड में बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति (वि. पैक्स) का उद्घाटन विधायक प्रदीप शुक्ला बोले— सहकारी समितियां किसानों की आर्थिक मजबूती का मजबूत आधार
Next articleमिलावटखोरों पर प्रशासन की सख्ती, हर खाद्य प्रतिष्ठान का होगा शत-प्रतिशत पंजीकरण: डीएम स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और फूड सप्लीमेंट की गुणवत्ता जांच के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here