वर्षों पुराना गौशाला भूमि विवाद खत्म, प्रशासन ने सीमांकन कर सौंपा कब्जा
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गाड़े गए पीलर, शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई
महराजगंज। श्रीकृष्ण गौशाला की भूमि को लेकर वर्षों से चल रहे विवाद का मंगलवार को प्रशासन ने समाधान कर दिया। राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि का सीमांकन कर स्थायी पीलर लगाए गए और संबंधित जमीन का कब्जा विधिवत गौशाला प्रबंध समिति को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में गौशाला प्रबंध समिति ने भूमि कम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले के निस्तारण के बाद एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह और तहसीलदार अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में भूमि की पैमाइश कर सीमाएं निर्धारित की गईं तथा स्थायी चिन्ह के रूप में पीलर स्थापित किए गए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सिसवा, निचलौल और चौक समेत पांच थानों की पुलिस, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा पीएसी के जवान पूरे समय मौके पर तैनात रहे।
कार्रवाई के दौरान सिसवा थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, निचलौल थानाध्यक्ष अंकित सिंह, चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल, चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश और राजस्व अभिलेखों के अनुरूप की गई, जिससे लंबे समय से लंबित विवाद का स्थायी समाधान हो सका।















