31 जुलाई तक परफॉर्मेंस ग्रांट के अधूरे कार्य पूरे करें: डीएम
लापरवाही पर जताई नाराजगी, कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं, भौतिक सत्यापन और निर्मित परिसंपत्तियों के उपयोग की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत सभी अधूरे एवं प्रगतिरत कार्यों को 31 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारियों को पूर्ण कार्यों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने कहा कि ग्रांट की शेष धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतों में जनहित से जुड़ी स्थायी सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जाए। सामुदायिक भवनों के संचालन और रखरखाव के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विकास कार्यों का डिजिटल दस्तावेजीकरण कर डिजिटल लाइब्रेरी तैयार करने तथा जिला सूचना अधिकारी को विकास कार्यों पर आधारित एक वृत्तचित्र तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।
बारातघर निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सिसवा विकासखंड के हरखपुरा में डीपीआर तैयार न होने और रुद्रापुर में निर्माण कार्य में देरी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव मौजूद रहे।















