महराजगंज में बाढ़ तैयारियों की समीक्षा, भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचे डीएम-एसपी संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, राहत-बचाव व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

महराजगंज में बाढ़ तैयारियों की समीक्षा, भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचे डीएम-एसपी

संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, राहत-बचाव व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

महराजगंज। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौती को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना बरगदवा क्षेत्र स्थित महाव नाला, थाना ठूठीबारी क्षेत्र के चंदन नदी पुल तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों का भ्रमण किया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, तटबंधों की स्थिति तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन, उपकरण एवं मानव संसाधन समय से उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण, नावों की उपलब्धता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव अभियान संचालित करने की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जाए।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा से जुड़े गांवों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में लोगों के सुरक्षित आवागमन, समय पर सूचना प्रसारण और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Previous articleनिर्माणाधीन बस स्टेशन और टीएचआर प्लांट का डीएम ने किया निरीक्षण निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी परीक्षण के निर्देश, कार्य में तेजी लाने पर जोर
Next articleतहसीलदार से एसडीएम बने 20 अधिकारियों को गोरखपुर में मिला विशेष प्रशासनिक प्रशिक्षण तीन दिवसीय फील्ड प्रशिक्षण में राजस्व, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई की बारीकियां सिखाई गईं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here