निर्माणाधीन बस स्टेशन और टीएचआर प्लांट का डीएम ने किया निरीक्षण निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी परीक्षण के निर्देश, कार्य में तेजी लाने पर जोर

निर्माणाधीन बस स्टेशन और टीएचआर प्लांट का डीएम ने किया निरीक्षण

निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी परीक्षण के निर्देश, कार्य में तेजी लाने पर जोर

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन मुखलिसपुर बस स्टेशन और नाथनगर स्थित टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

मुखलिसपुर में निर्माणाधीन बस स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि मुख्य भवन के नींव (प्लिंथ) निर्माण का कार्य चल रहा है। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त ईंट, मोरंग और सरिया की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी से परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन परिसर में बन रहे शौचालय और चारदीवारी का कार्य अधूरा मिला। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल शेष कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने का निर्देश दिया।

डीएम ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बस स्टेशन भवन की प्लिंथ ऊंचाई सड़क स्तर के सापेक्ष पर्याप्त रखी जाए, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।

इसके बाद जिलाधिकारी ने नाथनगर स्थित टीएचआर प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए बीएमएम को निर्देश दिया कि अब तक खरीदी गई तथा उपयोग में लाई गई सामग्री का विस्तृत विवरण तैयार कर तत्काल प्रस्तुत किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, पारदर्शी तरीके से और समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

Previous articleपुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में दो दिनों में 20,921 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित 44 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, प्रशासन सतर्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here