दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार जेवरात और नकदी बरामद, नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी

दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

जेवरात और नकदी बरामद, नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी

संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात और 7,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में मुजफ्फरुल हसन उर्फ पप्पू निवासी अंसार टोला, शमीर निवासी मंझरिया तथा मोहम्मद जिसान निवासी भिटवा टोला, हाल मुकाम जनता मार्ग शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे एवं एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपितों को कालिका होटल गली के अंदर रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लाकेटदार माला, एक जोड़ी झुमका, दो अंगूठियां, एक गले की चेन तथा 7,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार पहली घटना डीघा बाईपास क्षेत्र की है, जहां 11 से 16 मई के बीच एक मकान का ताला तोड़कर लगभग 90 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। वहीं दूसरी घटना कैलाश नगर क्षेत्र में 30 मई की रात हुई थी, जहां घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे स्मैक के नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनका एक अन्य साथी भी इन घटनाओं में शामिल था, जो चोरी का अधिकांश सामान लेकर बेंगलुरु चला गया है। चोरी का कुछ सामान बेचकर उसने आरोपितों को पांच-पांच हजार रुपये दिए थे, जबकि बरामद जेवरात उनके हिस्से में आए थे जिन्हें रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मनाथ यादव, हेड कांस्टेबल आदित्य यादव तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Previous articleबड़े मंगल पर यूपी ट्रक संचालक संगठन ने किया विशाल भंडारा हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, एडीजी जोन के स्टाफ अफसर ने किया शुभारंभ
Next articleपुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में दो दिनों में 20,921 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित 44 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा, प्रशासन सतर्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here