यामिनी सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान में केरला आयुर्वेद वर्कशॉप का शुभारंभ
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न आयुर्वेदिक थेरेपी की दी जाएगी जानकारी
गोरखपुर। मोहद्दीपुर स्थित चार फाटक रोड पर यामिनी सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान द्वारा आयोजित “यामिनी केरला आयुर्वेद वर्कशॉप” का शुभारंभ मंगलवार को विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जेसीआई गोरखपुर स्वराज की वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती मंशा गुप्ता एवं संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती सोनिका सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती सोनिका सिंह ने बताया कि 10 दिवसीय इस विशेष वर्कशॉप का उद्देश्य लोगों को पारंपरिक केरला आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति और विभिन्न आयुर्वेदिक थेरेपी की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिरदर्द, माइग्रेन, अनिद्रा तथा मानसिक तनाव जैसी समस्याओं के लिए उपयोगी शिरोधारा एवं शिरोवस्ती थेरेपी के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
इसके अलावा घुटनों के दर्द, गठिया और जोड़ों की समस्याओं के उपचार में सहायक जानुवस्ती थेरेपी की जानकारी भी दी जाएगी। शरीर में दर्द, त्वचा संबंधी समस्याओं और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए फुल बॉडी थेरेपी के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वर्कशॉप में कमर दर्द, आंखों से जुड़ी समस्याओं तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों की जानकारी भी दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। संस्थान ने अधिक से अधिक लोगों से वर्कशॉप में भाग लेकर आयुर्वेदिक ज्ञान का लाभ उठाने की अपील की है।















