400 से अधिक फिल्मों के अभिनेता सी.पी. भट्ट सिखाएंगे अभिनय के गुर ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला में बच्चों और युवाओं को मिलेगा रंगमंच व फिल्म अभिनय का प्रशिक्षण

400 से अधिक फिल्मों के अभिनेता सी.पी. भट्ट सिखाएंगे अभिनय के गुर

ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला में बच्चों और युवाओं को मिलेगा रंगमंच व फिल्म अभिनय का प्रशिक्षण

सहजनवा/गोंडा। अभिनय और रंगमंच की दुनिया में कदम रखने का सपना देखने वाले बच्चों और युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं सहयोग वेलफेयर सोसायटी, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में “नाद प्रवाह” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को अभिनय की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।

कार्यशाला का आयोजन ग्लोबल चिल्ड्रेन स्कूल, साहबगंज स्टेशन रोड, बड़गांव (गोंडा) में किया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रशिक्षण की कमान प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सी.पी. भट्ट संभालेंगे, जिन्हें सोशल मीडिया पर “ढेला बाबा” के नाम से भी व्यापक पहचान मिली है। 400 से अधिक फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके सी.पी. भट्ट प्रतिभागियों को संवाद अदायगी, मंच संचालन, भाव-भंगिमा, अभिव्यक्ति कला और अभिनय के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण देंगे।

आयोजकों ने बताया कि इससे पूर्व उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी एवं सहयोग वेलफेयर सोसायटी द्वारा संतकबीरनगर और कुशीनगर में आयोजित कार्यशालाओं में भी सी.पी. भट्ट तथा फिल्म अभिनेता अजय कुमार त्रिपाठी ने प्रशिक्षण दिया था। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों द्वारा “पर्यावरण के आंसू” और “युद्ध नहीं, शांति” जैसे सामाजिक सरोकारों पर आधारित नाटकों का सफल मंचन किया गया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस बार भी कार्यशाला में विशेष प्रशिक्षक के रूप में अजय कुमार त्रिपाठी एवं देवव्रत सिंह अपनी सेवाएं देंगे। कार्यक्रम के प्रबंधक राकेश जी सहाय और राघवेंद्र प्रताप पांडेय हैं। वहीं संजय सिंह, प्रिंसी पांडेय (अधिवक्ता) तथा रामतेज शमशेद विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आयोजकों ने अधिक से अधिक बच्चों, युवाओं और कला प्रेमियों से कार्यशाला में भाग लेकर अपनी रचनात्मक एवं अभिनय प्रतिभा को निखारने की अपील की है। कार्यशाला को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Previous articleराप्ती में समाए दो युवक, नहाने के दौरान डूबने से मौत; गांव में पसरा मातम करतहरी घाट पर हुआ दर्दनाक हादसा, गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाले शव
Next articleडीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, संपूर्ण समाधान दिवस में 50 शिकायतें पहुंचीं डुमरियागंज तहसील में 6 मामलों का मौके पर निस्तारण, शेष के लिए टीम गठित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here