राप्ती में समाए दो युवक, नहाने के दौरान डूबने से मौत; गांव में पसरा मातम
करतहरी घाट पर हुआ दर्दनाक हादसा, गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाले शव
गोरखपुर/सहजनवा। पीपीगंज थाना क्षेत्र के करतहरी घाट पर शनिवार को राप्ती नदी में स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सहजनवा तहसील अंतर्गत घघसरा नगर पंचायत के जगदीशपुर गाही गांव निवासी 20 वर्षीय शिवम कुमार, पुत्र स्वर्गीय संजय कुमार तथा 21 वर्षीय गोलू, पुत्र रामदीन अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ बाइक से पीपीगंज थाना क्षेत्र के करतहरी स्थित राप्ती नदी घाट पर स्नान करने गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान के दौरान सभी युवक नदी के गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। किसी तरह पांच युवक बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन शिवम और गोलू तेज बहाव व गहराई के कारण नदी में समा गए।
साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोर तत्काल मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में शिवम को नदी से बाहर निकाल लिया गया और परिजन उसे सीएचसी ठर्रापार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गोलू की तलाश के लिए घंटों अभियान चलाया गया, जिसके बाद उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।
शिवम के शव को सहजनवा पुलिस तथा गोलू के शव को पीपीगंज पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम केशरी नंदन तिवारी, सीओ गीडा योगेंद्र सिंह तथा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि शिवम दो भाइयों में बड़ा था, जबकि गोलू दो भाइयों और एक बहन में बीच का था। एक साथ दो युवकों की मौत से जगदीशपुर गाही गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।















