डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, संपूर्ण समाधान दिवस में 50 शिकायतें पहुंचीं
डुमरियागंज तहसील में 6 मामलों का मौके पर निस्तारण, शेष के लिए टीम गठित
सिद्धार्थनगर। शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में शनिवार को डुमरियागंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में जनसुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का भी अवलोकन किया और कई मामलों में जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में प्राप्त 50 शिकायतों में 35 राजस्व विभाग, 8 पुलिस विभाग, 2 विकास विभाग तथा 5 अन्य विभागों से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की 6 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों को तीन दिनों के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएफओ श्रीमती नीला एम, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, बीएसए शैलेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, तहसीलदार रवि कुमार यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करना चाहिए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।















