सम्पूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त और डीआईजी ने सुनीं फरियादें, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
सहजनवा तहसील में पहुंचे 150 मामले, 15 शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान
गोरखपुर।सहजनवा। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं डीआईजी एस. चन्नप्पा ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 150 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 80 मामले राजस्व विभाग, 47 पुलिस विभाग, 8 विकास विभाग, 6 आपूर्ति विभाग तथा 9 अन्य विभागों से संबंधित रहे।
सुनवाई के दौरान भरसाड़ निवासी हरिनाथ ने अपने सगे भाइयों पर भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। वहीं चरड़ाव निवासी जयनाथ सिंह ने खराब हैंडपंप को ठीक कराने की मांग रखी। मझौरा निवासी ममता देवी ने पुलिस पर मकान निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाया, जबकि भरपूरवा निवासी राम कुमार ने राजस्व विभाग द्वारा चकरोड की पैमाइश न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों के समाधान के लिए टीम गठित कर मौके पर जांच करने को कहा। वहीं डीआईजी एस. चन्नप्पा ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। अधिकारी शिकायतकर्ताओं से संवाद बनाए रखें और हर मामले का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एसडीएम केशरी नंदन तिवारी, सीओ गीडा योगेंद्र सिंह, बीडीओ सत्यकाम तोमर, ईओ सूर्यकांत, थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र, प्रशांत पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर प्राप्त शिकायतों को सुनकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।















