बाढ़ सुरक्षा कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, जून से पहले सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश
घाघरा तटबंधों और बाढ़ चौकियों का लिया जायजा, अधिकारियों को तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश
बस्ती। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को हर्रैया तहसील क्षेत्र में घाघरा नदी के किनारे स्थित बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं एवं तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गौरा-सैफाबाद, चांदपुर-गौरा, उमरिया रिंग बांध तथा कटरिया-चांदपुर तटबंध का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, बाढ़ कार्य खंड प्रथम ने बताया कि उमरिया रिंग बांध और उसकी परिधि में बसे 12 गांवों की सुरक्षा के लिए दो स्परों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी प्रगति लगभग 50 प्रतिशत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि परियोजना का कार्य जून 2026 के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ आने से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गौरा-सैफाबाद तटबंध के किलोमीटर 4.400 से 4.700 के मध्य ग्राम मौजपुर की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे चार डैम्पनरों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तीन डैम्पनरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है और 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने अवशेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कटरिया-चांदपुर तटबंध स्थित बाढ़ चौकी एवं स्टोर का भी जायजा लिया गया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बाढ़ काल में जूनियर इंजीनियर, सहायक अभियंता तथा मेट-बेलदारों द्वारा तटबंधों की लगातार निगरानी की जाती है और बाढ़ चौकी के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान होता है।
अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टोर में बोल्डर, बिक्ररोड़ा, नायलॉन क्रेट, जीआई वायर क्रेट तथा सीमेंट की खाली बोरियों सहित अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित रखी गई है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को निर्देश दिया कि बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, सहायक अभियंता संजय शुक्ला, सत्येन्द्र गौतम, शीलभद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















