अपराध पर जीरो टॉलरेंस से कोई समझौता नहीं, विकास के लिए सुरक्षा जरूरी : मुख्यमंत्री योगी गीडा में पूर्वांचल के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण, 208 करोड़ की 71 परियोजनाओं की सौगात

अपराध पर जीरो टॉलरेंस से कोई समझौता नहीं, विकास के लिए सुरक्षा जरूरी : मुख्यमंत्री योगी

गीडा में पूर्वांचल के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण, 208 करोड़ की 71 परियोजनाओं की सौगात

पिपरौली, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स और कामगारों के लिए निर्मित ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। इस नीति से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास, उद्योग और रोजगार के लिए सबसे पहले सुरक्षा का माहौल आवश्यक है। यदि कोई मनबढ़ई कर गरीबों का हक छीनने, व्यापारियों को धमकाने या बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने का प्रयास करेगा तो सरकार उसे किसी भी हाल में नहीं छोड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा, लेकिन युवाओं के रोजगार और विकास पर डकैती नहीं डालने दी जाएगी।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 208 करोड़ रुपये लागत की 71 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने औद्योगिक भूखंडों के आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए, नाइलिट से प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर के लाभार्थियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र भी सौंपे।

सुरक्षा के मॉडल ने बढ़ाया निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का ऐसा वातावरण बना है, जिसके कारण प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव क्रियान्वयन की प्रक्रिया में हैं।

उन्होंने कहा कि गीडा में ही बीते कुछ वर्षों में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में करीब तीन करोड़ लोगों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।

गीडा बना औद्योगिक विकास का नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में गीडा की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। यहां स्टील, पाइप, रेडीमेड गारमेंट्स, पेय पदार्थ और अन्य उत्पादों की बड़ी इकाइयां स्थापित हुई हैं। पेप्सिको की फ्रेंचाइजी वरुण बेवरेज, बिसलेरी समेत कई प्रतिष्ठित उद्योग यहां संचालित हो रहे हैं। गीता प्रेस का नया संस्थान भी यहीं विकसित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि अब गीडा का विस्तार धुरियापार क्षेत्र तक किया जा रहा है, जहां लगभग सात हजार एकड़ में इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित की जा रही है। वहां सीमेंट, पेंट और अन्य बड़े उद्योग स्थापित होंगे।

फ्लैटेड फैक्ट्री बनेगी युवाओं के सपनों का केंद्र

मुख्यमंत्री ने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स को एमएसएमई इकाइयों के लिए ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल बताते हुए कहा कि जिन युवाओं के पास जमीन खरीदकर उद्योग स्थापित करने की क्षमता नहीं है, वे यहां कम पूंजी में अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह परिसर रेडीमेड गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य लघु उद्योगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

उन्होंने फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण भी किया और बताया गया कि भवन को भविष्य में तीन मंजिल तक और विस्तारित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

कामगारों के लिए आवासीय सुविधा

मुख्यमंत्री ने गीडा में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए बनाए गए एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन कर उसका निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।

बच्चों का अन्नप्राशन, महिलाओं की गोदभराई

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, उन्हें खिलौने भेंट किए तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर पोषण पोटली वितरित की।

जनप्रतिनिधियों ने सराहा विकास

सांसद रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गीडा पूर्वांचल का प्रमुख औद्योगिक हब बन रहा है और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है। विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सहजनवा क्षेत्र विकास की नई मिसाल कायम कर रहा है।

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

Previous articleरिकॉर्ड रूम की बदहाली पर भड़का सिविल बार एसोसिएशन, डीएम को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन अव्यवस्था, कर्मचारियों की लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज, व्यवस्था सुधार की मांग
Next articleबाढ़ सुरक्षा कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, जून से पहले सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश घाघरा तटबंधों और बाढ़ चौकियों का लिया जायजा, अधिकारियों को तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here