अब नहीं डूबेंगी मासूम जिंदगियां: घाटों पर चौपाल लगाकर राजघाट पुलिस ने छेड़ी जागरूकता मुहिम
गर्मी में बढ़ती डूबने की घटनाओं पर रोक के लिए पुलिस की मानवीय पहल, अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने की अपील
गोरखपुर। गर्मी के मौसम में नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राजघाट पुलिस ने अनूठी और मानवीय पहल की है। संभावित हादसों को टालने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने घाटों पर चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया तथा अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गौरव वर्मा के नेतृत्व में राजघाट पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के तकिया घाट पर जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में मौजूद लोगों को नदी और तालाबों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
“थोड़ी सी लापरवाही छीन सकती है परिवार की खुशियां”
पुलिसकर्मियों ने अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि बच्चों को अकेले नदी, तालाब या गहरे जलाशयों में नहाने के लिए न भेजें। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में नहाने के दौरान होने वाली डूबने की घटनाएं कई परिवारों को गहरा दर्द दे जाती हैं। यदि समय रहते सावधानी बरती जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
घाटों पर लगाए गए चेतावनी बैनर
अभियान के तहत संवेदनशील और गहरे घाटों के किनारे चेतावनी संबंधी बैनर लगाए गए हैं। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने का आह्वान किया।
नियमित गश्त से रखी जा रही निगरानी
थाना राजघाट पुलिस द्वारा जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त भी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। चौपाल कार्यक्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश शर्मा, चौकी प्रभारी रहमत नगर, स्थानीय पार्षद तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राजघाट पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की जागरूकता लगातार जारी रही तो डूबने जैसी दर्दनाक घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और कई मासूम जिंदगियां सुरक्षित रह सकेंगी।















