अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 24 वाहन सीज 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी और 2 डम्पर पर कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त छापेमारी

अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 24 वाहन सीज

13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी और 2 डम्पर पर कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त छापेमारी

महराजगंज। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 वाहनों को सीज किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी मशीन और 2 डम्पर को कब्जे में लेकर सीज किया गया।

संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर सघन चेकिंग, निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन तथा उनके परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति तथा परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद नियमानुसार सभी वाहनों को सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अभियान के दौरान नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचता है, साथ ही पर्यावरण और कानून व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए पूरे जनपद में लगातार अभियान चलाकर ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।

पुलिस और प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी अवैध खनन, अवैध परिवहन या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Previous articleपेट्रोल पंपों पर प्रशासन की सख्ती, बिना नंबर वाहनों को नहीं मिलेगा तेल डिब्बे में सिर्फ 5 लीटर डीजल की अनुमति, कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
Next articleअफवाहों पर ध्यान न दें, महराजगंज में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार : जिला पूर्ति अधिकारी ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, जरूरत के अनुसार ही करें खरीदारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here