अफवाहों पर ध्यान न दें, महराजगंज में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार : जिला पूर्ति अधिकारी
ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, जरूरत के अनुसार ही करें खरीदारी
महराजगंज। जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी की फैल रही अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि महराजगंज में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सामान्य दिनों में जनपद में प्रतिदिन लगभग 250 किलो लीटर डीजल और 200 किलो लीटर पेट्रोल की मांग एवं खपत होती है। वर्तमान समय में जनपद के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर 929 किलो लीटर डीजल तथा 632 किलो लीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जो पर्याप्त मात्रा में है।
उन्होंने कहा कि कुछ भ्रामक अफवाहों के कारण लोग आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे दैनिक मांग में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में डीजल की मांग बढ़कर 371 किलो लीटर और पेट्रोल की मांग 210 किलो लीटर तक पहुंच गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है और भविष्य में भी किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल की खरीद करें।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक खरीददारी और अवैध भंडारण से कृत्रिम संकट उत्पन्न हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति के पास डीजल या पेट्रोल का अनधिकृत भंडारण पाया जाता है तो उसके खिलाफ विधिक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से जनपद में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहेगी और किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं होगी।















