डीएम दीपक मीणा ने जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
नवागत एडीएम सिटी, एडीएम प्रशासन और एडीएम वित्त को कार्यप्रणाली में जवाबदेही व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
गोरखपुर
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, राजस्व, पेंशन, आवास, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान नवागत एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार, नवागत एडीएम प्रशासन वैभव शर्मा एवं एडीएम वित्त जय प्रकाश भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी नवागत अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें जिले की प्रशासनिक प्राथमिकताओं से अवगत कराया और शासन की मंशा के अनुरूप जनहित में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनता से जुड़ी समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लें। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।















