240 करोड़ की लागत से बन रहा नया कलेक्ट्रेट, एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार ने किया निरीक्षण 19 विभाग होंगे एक ही परिसर में शिफ्ट, आधुनिक सुविधाओं से आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत

240 करोड़ की लागत से बन रहा नया कलेक्ट्रेट, एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार ने किया निरीक्षण

19 विभाग होंगे एक ही परिसर में शिफ्ट, आधुनिक सुविधाओं से आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत

गोरखपुर

गोरखपुर। नवागत एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार ने सोमवार को निर्माणाधीन नए कलेक्ट्रेट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और इंजीनियरों से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली तथा गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि नए कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दो छह मंजिला भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इनमें से एक भवन का स्ट्रक्चर लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही फिनिशिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन न्यायालय से जुड़े कारणों के चलते करीब एक वर्ष तक कार्य प्रभावित रहा।

करीब 240 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस आधुनिक परिसर में कुल 19 विभागों को एक ही स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे आम नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और अधिकांश प्रशासनिक कार्य एक ही परिसर में आसानी से संपन्न हो सकेंगे।

परियोजना के तहत जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस कार्यालय, सभागार समेत कई महत्वपूर्ण विभागों को नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार डीपीआर के अनुसार परिसर में 500 चारपहिया और 500 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है। साथ ही 300 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा। दोनों भवनों में कुल 14 लिफ्ट लगाने की योजना है, जिससे कर्मचारियों और आम जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि नया कलेक्ट्रेट भवन प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Previous articleजिला कारागार में बंदियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू, आत्मनिर्भर बनाने की पहल मशरूम खेती, अगरबत्ती- मोमबत्ती निर्माण समेत कई रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जाएंगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here