सीएम कार्यक्रम के बीच भी जारी रही जनसुनवाई, सदर तहसील में महिला नायब तहसीलदारों ने संभाली कमान
208 फरियादियों की सुनी गई समस्याएं, 25 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
गोरखपुर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले के अधिकांश अधिकारी वीवीआईपी ड्यूटी में व्यस्त रहे, लेकिन इसके बावजूद सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में जनसुनवाई का सिलसिला लगातार जारी रहा। तहसील सभागार में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित निस्तारण कराया गया।
इस दौरान महिला नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान और नीरू सिंह ने मोर्चा संभालते हुए तहसील दिवस की पूरी कार्यवाही संचालित की। दोनों अधिकारियों ने 208 फरियादियों की शिकायतें सुनीं, जिनमें से 25 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पैमाइश, रास्ता विवाद और अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों की संख्या सबसे अधिक रही। इसी क्रम में ग्राम रायपुर निवासी सुनीता देवी पत्नी मोहन प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी खरीदी गई जमीन, आराजी संख्या-318, पर विपक्षी द्वारा अवैध कब्जा कर जबरन निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया कि जमीन पर दीवार खड़ी कर गेट लगाया गया है और विरोध करने पर अभद्रता की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
तहसील प्रशासन की सक्रियता और मौके पर हुए त्वरित समाधान से फरियादियों में संतोष दिखाई दिया। लोगों ने महिला अधिकारियों की कार्यशैली और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों की तत्परता से आमजन को राहत मिल रही है।















