सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
बस्ती। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के क्रम में मई माह के तृतीय शनिवार को तहसील सदर में समाधान दिवस आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, क्षेत्राधिकारी सत्येन्द्र भूषण तथा अन्य अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापरक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक हीलाहवाली को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों से संबंधित मामलों का तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 25, पुलिस विभाग के 15, विकास विभाग के 10, विद्युत विभाग के 8, पूर्ति विभाग के 6, चकबंदी विभाग के 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 21 मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, बीएसए अनूप तिवारी, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, डीपीआरओ धनश्याम सागर, डीएचओ डॉ. अरुण त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, तहसीलदार विनय प्रभाकर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















