महुईं गांव का गौरव: शिव प्रसाद यादव गृह मंत्रालय में केंद्रीय सहायक अनुभाग अधिकारी बने
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के महुईं गांव ने एक बार फिर पूरे संतकबीरनगर जिले का मान बढ़ाया है। गांव के रिटायर्ड फौजी गजेंद्र यादव के सुपुत्र शिव प्रसाद यादव को भारत सरकार के गृह मंत्रालय में केंद्रीय सहायक अनुभाग अधिकारी (Central Section Officer) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित किया गया है।
यह खुशखबरी सुनकर महुईं गांव में हर्ष का माहौल छा गया। गांववासियों ने इस सफलता पर ढोल-नगाड़े बजाए और मिठाइयाँ बाँटी। ग्राम प्रधान रामाश्रय यादव, पूर्व प्रधान रामनरेश यादव, शिव प्रसाद के चाचा रामविलास यादव, पंकज यादव, अजय यादव, संजय यादव, राकेश यादव, विनोद यादव, राजेश यादव, सुनील यादव, अरविंद यादव, महेंद्र यादव और अन्य ग्रामीणों ने शिव प्रसाद यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि ने पूरे गांव का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।
शिव प्रसाद यादव ने गुरुवार शाम 5 बजे यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में बीएसएफ में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात हैं और अब नई नियुक्ति के बाद दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय में अपनी सेवाएँ देंगे।
रिटायर्ड सैनिक गजेंद्र यादव के पुत्र शिव प्रसाद यादव ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर केंद्रीय स्तर पर इतना महत्वपूर्ण पद प्राप्त करना स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
गांववासियों ने कहा, “शिव प्रसाद ने साबित कर दिया कि चाहे गाँव हो या शहर, सच्ची मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है।” उन्होंने भविष्य में शिव प्रसाद यादव के उज्ज्वल करियर की कामना की और कहा कि उनकी सफलता पूरे महुईं गांव के लिए गौरव की बात है।















