स्कूल चलो अभियान एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ: राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दिलाई शपथ

स्कूल चलो अभियान एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ: राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दिलाई शपथ

रायबरेली। जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए दो बड़े अभियान शुरू किए गए हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह ने फिरोज गांधी कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘स्कूल चलो अभियान’ (1 से 15 अप्रैल) और ‘संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान’ (1 से 30 अप्रैल) का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को स्कूल भेजना और संचारी रोगों से समाज को बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य अभिभावकों को प्रेरित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। वहीं संचारी रोग नियंत्रण अभियान मच्छर जनित बीमारियों, स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता पर केंद्रित रहेगा।

इस अवसर पर कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम श्री विद्यालय रुझईया भीखमशाह और कम्पोजिट विद्यालय भुएमऊ की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और स्कूल चलो अभियान गीत प्रस्तुत किए। नए पंजीकरण वाले 7 बच्चों को पुस्तकें वितरित की गईं तथा सर्वाधिक नामांकन कराने वाले 5 अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि बेसिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग हमेशा प्राथमिकता में रहा है। पिछले वर्षों में संचारी रोग नियंत्रण में अच्छा कार्य हुआ है। इस बार भी सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिन विद्यालयों में नामांकन बढ़ा है, वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

मंच का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना, जिला मलेरिया अधिकारी रमेश यादव सहित कई अधिकारी और अध्यापक उपस्थित रहे।

Previous articleनेवास गांव में लगा 250 केवी का नया ट्रांसफार्मर, गर्मी में बिजली से मिलेगी राहत।
Next articleआईएएस रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा: पिता बोले ‘ईमानदारी की राह चुनी, लेकिन सम्मान नहीं मिला’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here