फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर 9.5 लाख ठगने वाले दो शातिर गिरफ्तार
गोरखपुर। राजघाट थाना पुलिस ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर एक व्यापारी से 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो धोखेबाजों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, बाइक, मोबाइल फोन और 1 लाख 80 हजार रुपये नगद सहित महत्वपूर्ण सामान बरामद किया है।
एसएसपी गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत राजघाट थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 17/2026 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हैदर अली पुत्र सब्बीर अली, निवासी पिपरिया, जनपद होशंगाबाद (मध्य प्रदेश) और मुस्तफा अली पुत्र सोहराब अली, निवासी गढ़ी जलालपुर, थाना असन्द्रा, जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 30 जनवरी 2026 को एक व्यापारी 9.5 लाख रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर व्यापारी को रोका और दस्तावेज दिखाने के बहाने मौका देखकर रुपये से भरा बैग छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद, एक चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक डोंगल और दो आरसी कार्ड बरामद किए। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में विभिन्न धाराओं की बढ़ोतरी कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हैदर अली के खिलाफ मध्य प्रदेश में चोरी का एक मुकदमा पहले से दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।















