सम्पूर्ण समाधान दिवस: सदर तहसील में 110 फरियादियों की सुनी गईं समस्याएं, 10 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस: सदर तहसील में 110 फरियादियों की सुनी गईं समस्याएं, 10 का मौके पर निस्तारण

 

गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता और सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी ने संयुक्त रूप से इसकी अध्यक्षता की।

समाधान दिवस में सदर तहसील के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 110 फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, चकबंदी, विकास कार्य और अन्य विभागों से जुड़ी अधिकांश शिकायतें शामिल थीं। अधिकारियों ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यान से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान प्राप्त शिकायतों में से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए सख्त निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “समाधान दिवस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ही आयोजित होता है। सभी शिकायतों को पूर्ण गंभीरता से लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी प्रकरण में अनावश्यक विलंब या ढिलाई पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”

समाधान दिवस के दौरान डिप्टी एसडीएम/तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान, नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह, सीओ चकबंदी सुनील सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleफर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर 9.5 लाख ठगने वाले दो शातिर गिरफ्तार
Next articleचौरीचौरा में सम्पूर्ण समाधान दिवस: 107 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here