महिला थाने का औचक निरीक्षण: एसपी संदीप मीना ने कमियों पर लगाई फटकार, स्वच्छता पर सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को खलीलाबाद स्थित महिला थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने में पाई गई कमियों को दूर करने और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर जोरदार निर्देश दिए गए।
एसपी ने बैरक, कार्यालय, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क सहित सभी अनुभागों का बारीकी से जायजा लिया। मिली कमियों पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई और तत्काल सुधार के आदेश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड को हमेशा अद्यतन रखने, फाइलों की व्यवस्था सुधारने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष निर्देश दिए कि महिला फरियादियों की शिकायतों को पूर्ण सहानुभूति और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उनकी समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि महिलाएं थाने में सुरक्षित और विश्वास महसूस करें।
एसपी ने थाना परिसर की स्वच्छता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, “स्वच्छ वातावरण न केवल कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति सकारात्मक छवि भी बनाता है।” नियमित सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान महिला थानाध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या, पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















