गोरखनाथ मंदिर मेला क्षेत्र का डीएम, एसएसपी व नगर आयुक्त ने किया संयुक्त निरीक्षण
गोरखपुर। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद गोरखपुर एवं नगर आयुक्त ने आज गोरखनाथ मंदिर पर लगने वाले मेला क्षेत्र का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में की गई तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निरंतर निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी मौजूद रहे। उन्हें आपसी समन्वय बनाकर मेला को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए गए।















