डीएम-एसपी ने तहसील ऊंचाहार में सुनी जन समस्याएं, 70 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में तहसील ऊंचाहार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनता की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी शिकायत के निस्तारण में कोई समस्या आ रही है, तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए फरियादी को अवगत कराया जाए।
डीएम ने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में तहसीलों और थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है, जहां नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग से 42, पुलिस से 11, विद्युत से 05, समाज कल्याण से 04 तथा पूर्ति विभाग से 08 प्रकरण शामिल थे। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी पुलिस से जुड़े मामलों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने तहसील परिसर में वृद्धजनों एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, तहसीलदार ऊंचाहार आकांक्षा दीक्षित, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।















