गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल का पुलिस अधीक्षक ने किया टोलीवार निरीक्षण, दिए सुधार के निर्देश

गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल का पुलिस अधीक्षक ने किया टोलीवार निरीक्षण, दिए सुधार के निर्देश

 

बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन ने पुलिस लाइन बस्ती के परेड ग्राउंड में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल का विस्तृत टोलीवार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न टोलियों की परेड ड्रिल, मार्च पास्ट, सलामी ग्रहण प्रक्रिया, अनुशासन, वर्दी की एकरूपता, शारीरिक मुद्रा एवं समन्वय का गहन जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों, रिक्रूट आरक्षियों एवं अन्य बलों की तैयारियों की सराहना की तथा कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जवानों की वर्दी, जूते, बेल्ट एवं अन्य उपकरण स्वच्छ, दुरुस्त एवं एकसमान हों। मार्चिंग में कदमों की एकरूपता, हाथों की स्विंग एवं सिर की मुद्रा पर विशेष ध्यान दिया जाए। परेड कमांडर एवं सहायक कमांडरों को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करते हुए टोलियों का नेतृत्व सुनिश्चित करने हेतु कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि रिहर्सल को नियमित रूप से जारी रखते हुए अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व सभी कमियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। पुलिस बल द्वारा प्रस्तुत परेड न केवल अनुशासन का प्रदर्शन करेगी, अपितु जनता में सुरक्षा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा परेड से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी बलों से अपील की कि वे पूर्ण उत्साह एवं अनुशासन के साथ गणतंत्र दिवस समारोह को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाएं।

Previous articleराष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2.0 की तैयारी: रायबरेली में जिला न्यायाधीश की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बात 
Next articleडीएम-एसपी ने तहसील ऊंचाहार में सुनी जन समस्याएं, 70 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here