तहसील समाधान दिवस: भूमि विवाद, फर्जी वरासत और अवैध रास्ता निर्माण की शिकायतें, तहसीलदार ने दिए जांच के सख्त निर्देश

तहसील समाधान दिवस: भूमि विवाद, फर्जी वरासत और अवैध रास्ता निर्माण की शिकायतें, तहसीलदार ने दिए जांच के सख्त निर्देश

 

गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, फर्जी वरासत, अवैध निर्माण और दस्तावेजी त्रुटियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण शिकायतें सामने आईं।

प्रमुख शिकायतकर्ता प्रभाकर शुक्ला पुत्र स्व. कृष्ण मुरारी शुक्ला, निवासी रुस्तमपुर रामगढ़ताल ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि आराजी संख्या 601 व 603, ग्रामसभा लहसड़ी मुस्तकिल (हवेली) में पूर्व प्रधान द्वारा अवैध प्लाटिंग के उद्देश्य से जबरन रास्ता निर्माण किया जा रहा है। मौके पर ईंट व गिट्टी गिराकर अवैध रूप से रास्ता बनाया जा रहा है। प्रार्थी ने इस अवैध निर्माण को तत्काल रोकने हेतु एसएचओ रामगढ़ताल एवं तहसीलदार सदर को निर्देशित करने की मांग की।

इसी तरह ग्राम अड्डा मोतीराम निवासी नितेश कुमार पुत्र रामदुलारे उर्फ घिसियावन ने लेखपाल और राजस्व निरीक्षक पर बिना जांच के फर्जी वरासत किए जाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद विधिवत साक्ष्य प्रस्तुत करने के बावजूद उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया और किसी अन्य व्यक्ति के नाम वरासत कर दी गई। प्रार्थी ने नायब तहसीलदार से जांच कराकर फर्जी वरासत निरस्त करने और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

इसके अतिरिक्त जंगल डुमरी नंबर दो निवासी एक अन्य प्रार्थी ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान भूमि अधिग्रहण में हुई त्रुटि का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि नियमानुसार 12 वर्ग मीटर के बजाय भूलवश 58.45 वर्ग मीटर भूमि सरकार के पक्ष में रजिस्ट्री हो गई है, जो अन्यायपूर्ण है। प्रार्थी ने विक्रय पत्र में शुद्धिपत्र दर्ज कराकर कागजात दुरुस्त कराने की मांग की।

समाधान दिवस में नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह, नायब तहसीलदार नीरू सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। तहसीलदार सदर ने सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Previous articleडीएम-एसपी ने तहसील ऊंचाहार में सुनी जन समस्याएं, 70 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण
Next articleसम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने 41 शिकायतों में 08 का मौके पर किया निस्तारण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here